नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर शिवम दुबे ने शादी कर ली है। अपनी लॉन्ग टर्म गर्लफ्रेंड अंजुम खान से मुंबई में उन्होंने शादी कर ली। क्रिकेटर ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है।
उन्होंने शादी की तस्वीरें भी पोस्ट की है। दुबे ने मुस्लिम रीति रिवाज के साथ शादी की। आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले दुबे ने सोशल मीडिया पर कुछ ऐसी भी तस्वीरें पोस्ट की है, जिसमें शादी के बाद वह और उनकी पत्नी हाथ उठाकर दुआ मांगते हुए नजर आ रहे हैं। शिवम के सिर पर सेहरा सजा है और उनका चेहरा फूलों की लडियों से ढंका है।
शिवम दुबे तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने साल 2018 में रणजी ट्रॉफी के दौरान बड़ौदा के खिलाफ एक ओवर में पांच छक्के जड़ दिए थे। शिवम ऐसा कारनामा दो बार कर चुके हैं।
इससे पहले वह टी-20 मुंबई लीग में प्रवीण तांबे के एक ओवर में पांच छक्के जड़ चुके हैं। रणजी के प्रदर्शन के दम पर उन्हें आईपीएल 2019 की नीलामी में बड़ी रकम मिली थी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने उन्हें पांच करोड़ रुपये में खरीदा था।