नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिंक बॉल टेस्ट में शतक जड़कर इतिहास रच दिया है। ऐसा करने वाली वह दूसरी भारतीय क्रिकेटर व पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं। उनसे पहले विराट कोहली ने 2019 बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए टीम इंडिया के पहले पिंक बॉल टेस्ट में शतक जमाया था।
बता दें कि पिंक बॉल टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल शुरू होने के बाद मंधाना ने अपने स्कोर में 20 रन जोड़कर पिंक बॉल टेस्ट का पहला शतक बनाया। मंधाना ने यह शतक 170 गेंदों में 18 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा किया। मंधाना का यह टेस्ट करियर का पहला शतक है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किसी भारतीय महिला क्रिकेटर का पहला शतक भी है। मंधाना ने 216 गेंदों पर 127 रन की पारी खेली।
स्मृति मंधाना करियर का चौथा टेस्ट मैच खेल रही हैं। इससे पहले उन्होंने तीन टेस्ट मैचों में 33.40 की औसत से 167 रन बनाए हैं। इसमें दो अर्धशतक शामिल हैं। स्मृति वनडे और टी-20 क्रिकेट में विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने 62 वनडे मैचों में करीब 42 की औसत से 2377 रन बनाए हैं। जिसमें 4 शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं। वहीं टी-20 क्रिकेट में स्मृति ने 81 मैचों में 13 अर्धशतक की बदौलत 1901 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 121 का है।