नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने वेब सीरीज ‘इनविजिबल वुमन’ [Invisible Woman] से अपने ओटीटी डेब्यू की पूरी तैयारी कर ली है। इस सीरीज़ का निर्देशन राजेश एम सेल्वा कर रहे हैं। यह एक एक्शन-थ्रिलर वेब सीरीज़ है।
सुनील शेट्टी ने अपने डिजिटल डेब्यू के बारे में बात करते हुए कहा- ‘आज एक वेब सीरीज में कुछ ऐसा होना चाहिए जो पहले से मौजूद सैकड़ों कहानियों से अलग हों और ‘इनविजिबल वुमन’ की कहानी ने मेरा ध्यान खींचा’।’ उन्होंने आगे कहा- ‘वेब सीरीज़ की शूटिंग शुरू हो चुकी है और यूडली फ़िल्म्स की पहली सीरीज़ है। इस तरह की अनूठी वेब श्रृंखला से अपनी शुरूआत करने के लिए बहुत खुश हूं।’ इसके अलावा इस सीरीज़ में ईशा गुप्ता एक अहम किरदार में नज़र आएंगी। वह हाल ही में एमएक्स प्लेयर पर रिलीज़ हुई वेब सीरीज़ नकाब में पुलिस अधिकारी के किरदार में नज़र आई थी।
बता दें कि आने वाले दिनों में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे ओटीटी डेब्यू करने वाले हैं। इनमें अक्षय कुमार, अजय देवगन, शाहिद कपूर, माधुरी दीक्षित, रवीना टंडन का नाम शामिल हैं। अजय देवगन रूद्र- द एज ऑफ डार्कनेस से ओटीटी डेब्यू कर रहे हैं।
वहीं शाहिद कपूर द फैमिली मैन सीरीज़ के क्रिएटर्स राज एंड डीके की वेब सीरीज़ से अपना ओटीटी डेब्यू कर रहे हैं। इसके अलावा माधुरी दीक्षित फाइंडिंग अनामिका नाम की वेब सीरीज़ से ओटीटी की दुनिया में कदम रखेंगी। वहीं रवीना टंडन की डेब्यू वेब सीरीज़ का नाम ‘अरण्यक’ है।