जयपुर। राजस्थान सरकार बालिका शिक्षा में नामांकन दर, ठहराव दर बढ़ाने व जेण्डर गैप कम करने की दृष्टि से तथा बालिका सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कक्षा 9 व 10 की पात्र / चयनित बालिकाओं को ट्रांसपोर्ट वाउचर की सुविधा से लाभान्वित करने जा रही है।
इसके तहत छात्राओं को अब सरकार की तरफ से स्कूल आने जाने का भत्ता दिया जाएगा। इस योजना का लाभ ग्रामीण छात्राओं को वर्तमान नए शिक्षा सत्र से मिलेगा। इसके लिए स्कूल शिक्षा परिषद ने निर्देश जारी कर दिए हैं।
आरटीई नियमों के अनुसार कम आबादी क्षेत्रों एवं निर्धारित मापदण्डानुसार जहां विद्यालय का संचालन संभव नहीं है, में निवास कर रहे 6 से 14 आयु वर्ग की बालिकाओं को सहज एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिये उनके वास स्थान से निकटस्थ विद्यालयों में अध्ययन हेतु सुगमतापूर्वक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं हेतु ट्रांसपोर्ट वाउचर सुविधा का प्रावधान किया गया है।
भजनलाल सरकार ने ट्रांसपोर्ट वाउचर योजना में आठवीं क्लास की छात्राओं को भी शामिल किया है। इसके तहत योजना में रूरल एरिया के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली कक्षा आठ की छात्राओं को भी लाभ मिलेगा। उनके लिए घर से स्कूल की दूरी के आधार पर राशि तय की गई है। इस योजना को लागू करने के पीछे सरकार का उद्देश्य बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना है। इसके तहत छात्राओं को वर्ष भर में अधिकतम 3000 हजार रुपये का ट्रांसपोर्ट वाउचर मिलेगा।