लखनऊ। शिवसेना ने अब यूपी में अपनी पकड़ ज़माने कि तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी ने घोषणा की है कि वह अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश चुनाव में सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। लखनऊ में पार्टी की क्षेत्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया।
उत्तर प्रदेश शिवसेना प्रमुख ठाकुर सिंह ने कहा कि, ‘उत्तर प्रदेश में वर्तमान राज्य सरकार ब्राह्मणों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं कर रही है और महंगाई और बेरोजगारी अपने चरम पर है।’ ऐसे में पार्टी ने उत्तर प्रदेश की सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। शिवसेना ने यह भी कहा कि ‘वे जनता की बात सुनेंगे और सत्तारूढ़ भाजपा को “सबक सिखाएंगे।’
प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए समन्वयकों की नियुक्ति की गई है। उत्तर प्रदेश शिवसेना का एक प्रतिनिधि मंडल जल्द ही राज्य के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलने के लिए महाराष्ट्र का दौरा कर सकता है। यूपी शिवसेना के एक बयान में कहा गया है कि ‘वे चुनाव की तैयारी और संगठन की रिपोर्ट सौंपेंगे।’
अगले साल की शुरुआत में होने वाले उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए सत्तारूढ़ दल और विपक्ष दोनों की तैयारी ज़ोरों-शोरों से चल रही है। इसी कड़ी में अब शिवसेना ने भी प्रदेश में सरकार बनाने का मन बना लिया है। राज्य में 2017 के विधानसभा चुनाव में, भाजपा ने 312 सीटों के साथ शानदार जीत हासिल की थी। अब शिवसेना ने बीजेपी को हारने का भी मन बना लिया है।