लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रवासी मजदूरों की वापसी को लेकर दिशा- निर्देश जारी कर दिए हैं। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने मंडलायुक्तों व जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर दिशा निर्देश जारी किए हैं।
पत्र में मुख्य सचिव स्वास्थ्य ने कहा है कि प्रवासियों के आगमन पर जिला प्रशासन के द्वारा उनकी स्क्रीनिंग करवाई जाए और किसी प्रकार के लक्षण आने पर उन्हें क्वारंटीन किया जाए। वहीं, जांच में संक्रमित पाए जाने पर उसे कोविड अस्पताल या घर पर आइसोलेट किया जाए। जो लक्षण वाले संक्रमित पाए जाते हैं, उन्हें 14 दिनों के लिए होम क्वारंटीन में भेजा जाएगा। लक्षणविहीन लोग 7 दिनों तक होम क्वारंटीन में रहेंगे।
बता दें कि यूपी में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की रफ्तार तेज होती जा रही है। इस खतरनाक वायरस ने यहां पुराने सभी रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। यूपी के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक राज्य में बीते दिन 20,510 नए मामले मिले हैं, जो एक दिन में सामने आई संक्रमितों की सबसे ज्यादा संख्या है। इससे पहले मंगलवार को 18,021 नए मामले रिपोर्ट किए गए थे।