गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। बुदाना गांव में कथित तौर पर संपत्ति विवाद के चलते 32 वर्षीय युवक ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं। पुलिस के अनुसार, घटना 15 जुलाई की रात की है। मृतक की पहचान हरिओम नेहरा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका अपने बेटे निखिल नेहरा के साथ जमीन और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में निखिल ने अपने पिता पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हरिओम नेहरा को चार गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। उन्हें तत्काल मोदीनगर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
150 करोड़ की संपत्ति को लेकर था विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हरिओम नेहरा के पास करीब 150 करोड़ रुपये की संपत्ति थी। इसमें लगभग 75 बीघा कृषि भूमि और दिल्ली-मेरठ रोड स्थित व्यावसायिक मार्केट शामिल है। पुलिस का मानना है कि इसी संपत्ति को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी निखिल कथित तौर पर नशे का आदी था और परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मोदीनगर के एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही मामले की पूरी सच्चाई सामने आएगी।