चीन से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक आतिशबाजी निर्माण कारखाने में हुए भीषण विस्फोट में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 61 लोग घायल हो गए। हादसा हुनान प्रांत के लियुयांग शहर में हुआ है। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, यह विस्फोट सोमवार शाम करीब 5 बजे गुआंडू टाउनशिप स्थित एक आतिशबाजी फैक्ट्री में हुआ। विस्फोट के तुरंत बाद आपातकालीन सेवाएं और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए करीब 500 बचावकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है। अधिकारियों ने आसपास के खतरनाक क्षेत्रों को खाली कराते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के बारूद गोदामों के कारण खतरा और बढ़ गया था।
बचाव अभियान के दौरान किसी और हादसे से बचने के लिए विशेष सावधानियां बरती जा रही हैं। टीमों ने आग और विस्फोट के खतरे को कम करने के लिए छिड़काव और नमीकरण जैसे उपाय अपनाए हैं। इसके अलावा, खोज और बचाव कार्य में मदद के लिए तीन रोबोट भी तैनात किए गए हैं।
फिलहाल विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है, हालांकि इस संबंध में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि इससे पहले भी चीन में आतिशबाजी से जुड़े हादसे सामने आते रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते रहे हैं।