पाकिस्तान में शनिवार सुबह एक बार फिर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिससे कई इलाकों में लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (EMSC) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 दर्ज की गई। हालांकि शुरुआती जानकारी में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
EMSC के मुताबिक भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8:36 बजे आया। इसका केंद्र जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था, जिसकी वजह से झटके कई शहरों तक महसूस किए गए। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने बताया कि भूकंप का केंद्र पाकिस्तान के बरखान क्षेत्र से करीब 63 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, भूकंप के झटके पाकिस्तान के कई हिस्सों में महसूस किए गए। लोग डर के कारण घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी बड़े नुकसान या हताहत की सूचना सामने नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित इलाकों की स्थिति का आकलन कर रही हैं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान में पिछले कुछ दिनों से लगातार भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं। इससे पहले शुक्रवार को भी बलूचिस्तान क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। लगातार आ रहे भूकंपों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
इसी सप्ताह वेनेजुएला और सेलेबेस सागर क्षेत्र में भी तेज भूकंप दर्ज किए गए थे। भारत के नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, सेलेबेस सागर में शुक्रवार को 6.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बढ़ रही भूकंपीय गतिविधियों ने वैज्ञानिकों की चिंता भी बढ़ा दी है।
विशेषज्ञों के अनुसार, पाकिस्तान इंडियन और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन पर स्थित है। यही वजह है कि यह इलाका भूकंप के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और गिलगित-बाल्टिस्तान जैसे क्षेत्र प्रमुख फॉल्ट लाइनों के करीब हैं, जहां समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं।