कनाडा में एक बार फिर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस बार निशाना एक कार शोरूम को बनाया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शोरूम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई जाती दिख रही हैं। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े मन्ना ब्राम्पटन नामक शख्स ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ली है। पोस्ट में उसने शोरूम मालिक पर अपने दुश्मनों का साथ देने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी दावा किया गया है कि मालिक कथित रूप से हथियार और चोरी की गाड़ियां उपलब्ध कराता था। पोस्ट में धमकी भरे लहजे में कहा गया है कि पहले भी समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन बात न मानने पर यह कार्रवाई की गई। आगे और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई है।
एक अन्य कथित पोस्ट में मन्ना ब्राम्पटन ने यह भी आरोप लगाया कि उनके गैंग से जुड़े दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है और उन्हें कोर्ट में पेश किए बिना फर्जी मुठभेड़ की आशंका जताई गई है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अधिकारियों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और हमलावरों की तलाश जारी है। ध्यान देने वाली बात यह है कि सोशल मीडिया पर वायरल इन पोस्ट्स की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।