नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष अब और खतरनाक मोड़ लेता दिख रहा है। ताजा घटनाक्रम में अमेरिका ने ईरान के एक बड़े पुल पर बड़ा हमला कर उसे तबाह कर दिया है। इस हमले के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।
पुल के बाद अब ऊर्जा ठिकाने निशाने पर
अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने हमले के कुछ ही घंटों बाद ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि अमेरिकी सेना ने अभी तक “ईरान में जो कुछ बचा है, उसे पूरी तरह नष्ट करना शुरू भी नहीं किया है।” ट्रंप ने साफ कहा— “पहले पुल, फिर बिजली संयंत्र”, जिससे संकेत मिलते हैं कि आने वाले समय में ईरान के ऊर्जा ढांचे को भी निशाना बनाया जा सकता है।
सबसे बड़े पुल पर हमला, कई लोग हताहत
गुरुवार रात अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान के करज इलाके में स्थित बी1 पुल को निशाना बनाया। यह पुल देश के प्रमुख और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में गिना जाता था। हमले में पुल बुरी तरह तबाह हो गया। ईरानी मीडिया के मुताबिक, इस हमले में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 95 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में आम नागरिक भी शामिल हैं, जो घटना के समय पुल के आसपास मौजूद थे।
स्थानीय लोग बने हमले का शिकार
रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले के वक्त कई परिवार “प्रकृति दिवस” मनाने के लिए इलाके में मौजूद थे। इसी दौरान हमला हुआ, जिससे बड़ी संख्या में आम नागरिक इसकी चपेट में आ गए।
ट्रंप का इशारा—समझौता करे ईरान
Donald Trump ने अपने बयान में यह भी कहा कि ईरान के नए नेतृत्व को पता है कि क्या करना है और उसे तेजी से फैसला लेना चाहिए। माना जा रहा है कि यह सीधा इशारा युद्धविराम समझौते की ओर है।