लखनऊ। गोमती नगर स्थित गोमती रिवर फ्रंट, 1090 क्रॉसिंग पर 04 अप्रैल से 06 अप्रैल 2026 तक पोल्ट्री एक्सपो 2026 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्घाटन 04 अप्रैल को सुबह 11. बजे प्रशासनिक अधिकारी आदरणीय मुकेश कुमार मेश्राम द्वारा किया जाएगा।
इस एक्सपो का आयोजन तेजस्वी पब्लिकेशन, हैदराबाद द्वारा किया जा रहा है। आयोजन से जुड़े बी बी शिव शंकर ने बताया कि इस कार्यक्रम में पोल्ट्री उद्योग से जुड़े किसानों, उद्यमियों और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाया जाएगा, जहां उन्हें आधुनिक तकनीकों, उन्नत उपकरणों, प्रोसेसिंग, आहार उत्पादन और रोग नियंत्रण से संबंधित नई जानकारियां दी जाएंगी।
साथ ही, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों द्वारा तकनीकी सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों को सीधे संवाद और अपने सवालों के जवाब पाने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के मीडिया प्रभारी रिद्धि किशोर गौड़ ने बताया पोल्ट्री उद्योग आज देश में प्रोटीन का एक प्रमुख स्रोत बन चुका है और कृषि अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में ब्रायलर उत्पादन में तेजी से वृद्धि हुई है, लेकिन अंडा उत्पादन और उन्नत फार्मिंग तकनीकों के क्षेत्र में अभी भी काफी संभावनाएं मौजूद हैं।
आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के पोल्ट्री व्यवसाय से जुड़े लोगों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना, उत्पादन बढ़ाना और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना है। आयोजकों ने किसानों, व्यापारियों और इच्छुक लोगों से इस एक्सपो में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।