वॉशिंगटन डीसी| अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में एक बड़े कार्यक्रम के दौरान अचानक फायरिंग की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, हिल्टन होटल में आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। उस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पत्रकारों के साथ मौजूद थे। घटना के दौरान अचानक गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पूरे हॉल में भगदड़ जैसा माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हुईं और राष्ट्रपति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। संदिग्ध हमलावर को मौके से हिरासत में ले लिया गया है।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी मौजूद थे। सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। घटना से जुड़े वीडियो सामने आए हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि फायरिंग के वक्त ट्रंप मंच पर थे और उन्होंने तुरंत नीचे झुककर खुद को सुरक्षित किया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें चारों तरफ से घेरते हुए तेजी से बाहर निकाला। इस दौरान हॉल में मौजूद कई लोग टेबल के नीचे छिपते नजर आए, जबकि होटल स्टाफ बाहर की ओर भागते दिखे।
घटना के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने तेजी और बहादुरी से हालात को संभाला और हमलावर को पकड़ लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा और सभी को परिसर खाली करने के निर्देश दिए गए। ट्रंप के अनुसार, वह जल्द ही मीडिया को संबोधित करेंगे और इस कार्यक्रम को करीब 30 दिनों के भीतर दोबारा आयोजित करने की योजना बनाई जा रही है। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं और हमलावर के मकसद का पता लगाया जा रहा है।