इस्लामाबाद। पाकिस्तान में पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर बड़ा यू-टर्न देखने को मिला है। बढ़ते विरोध और बिगड़ते हालात के बीच शहबाज शरीफ की सरकार ने पेट्रोल के दाम में बड़ी कटौती का ऐलान किया है।
सरकार के नए फैसले के बाद पेट्रोल की कीमत में करीब 80 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है, जिससे अब नई कीमत लगभग 378 रुपये प्रति लीटर हो गई है। गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले ही सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी बढ़ोतरी की थी। उस समय पेट्रोल की कीमत 458.4 रुपये और डीजल 520.35 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया था।
अचानक बढ़ी कीमतों के बाद देशभर में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कई शहरों में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए और पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। पहले से महंगाई की मार झेल रही जनता के लिए यह बढ़ोतरी बड़ी परेशानी बन गई थी। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए सरकार ने तुरंत दाम घटाने का फैसला लिया।
सरकार की ओर से कहा गया है कि बढ़ती महंगाई और जनता के आक्रोश को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे लोगों पर अतिरिक्त बोझ कम करना जरूरी हो गया था।
वहीं, वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब ने राहत के लिए कुछ और घोषणाएं भी की हैं। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल और स्कूटर इस्तेमाल करने वालों को अगले तीन महीनों तक हर महीने 20 लीटर पेट्रोल पर 100 रुपये प्रति लीटर की सब्सिडी दी जाएगी। इसके साथ ही आम लोगों के लिए बस और ट्रेन यात्रा को भी मुफ्त करने की बात कही गई है।
पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने दामों में पहले हुई बढ़ोतरी को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ते हुए कहा कि कच्चे तेल की कीमतें नियंत्रण से बाहर हो गई थीं, इसलिए मजबूरी में रेट बढ़ाने पड़े। हालांकि, जनता के बढ़ते विरोध के चलते सरकार को अपने फैसले में बदलाव करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि वैश्विक स्तर पर तेल संकट गहराने की वजह होर्मुज स्ट्रेट में आपूर्ति बाधित होना भी है, जिससे कई देशों पर असर पड़ा है। पाकिस्तान में इस संकट ने पहले से कमजोर अर्थव्यवस्था पर और दबाव बढ़ा दिया है।