नई दिल्ली: कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी और हरियाणा के मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल हैरी बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया है. हरियाणा एसटीएफ के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियों ने उसे कैलिफोर्निया में पकड़ा है. वह विदेश में बैठकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की गतिविधियों को संचालित कर रहा था. गैंग में उसकी गिनती तीसरे नंबर के प्रभावशाली सदस्यों में होती है. अब भारतीय एजेंसियां उसे देश वापस लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में हैं.
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने यह कार्रवाई की. भारतीय समय के अनुसार, शुक्रवार देर रात उसे हिरासत में लिया गया. जांच एजेंसियों का आरोप है कि हैरी बॉक्सर अमेरिका में रहकर गैंग के रंगदारी और धमकी देने से जुड़े नेटवर्क को आगे बढ़ा रहा था. उसके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश, फायरिंग और कारोबारियों से रंगदारी मांगने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं.
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग मामले में भी आया था नाम
हैरी बॉक्सर का नाम फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद चर्चा में आया था. उसने कथित तौर पर सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो संदेशों के जरिए इस घटना की जिम्मेदारी ली थी. इसके अलावा बॉलीवुड से जुड़े कई लोगों को धमकियां देने के मामले में भी उसका नाम सामने आया.
जांच एजेंसियों के मुताबिक, कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग और अभिनेता रणवीर सिंह, तुषार कपूर समेत फिल्म जगत की हस्तियों को धमकी देने के मामलों में भी बॉक्सर की भूमिका की जांच की गई है. इन घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियां उसके अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर नजर रख रही थीं.
कौन है हैरी बॉक्सर?
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट बताया जाता है. वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर इलाके का रहने वाला है. शुरुआती दिनों में उसने जयपुर में रहकर बॉक्सिंग सीखी थी. इसी खेल से जुड़े होने के कारण उसे बॉक्सर नाम मिला. बताया जाता है कि उसने शुरुआत में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की और बॉक्सिंग कोच के रूप में भी काम किया. बाद में वह अपराध की दुनिया में शामिल हो गया.
उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, फायरिंग और व्यापारियों को धमकाकर वसूली करने जैसे कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. उसका नाम दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में सामने आए कई मामलों की जांच में भी जुड़ चुका है.
कैसे भारत लाया जाएगा हैरी बॉक्सर?
हैरी बॉक्सर को भारत लाने के लिए अब कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया अपनाई जाएगी. भारतीय एजेंसियां नोडल एजेंसी सीबीआई के माध्यम से अमेरिकी अधिकारियों के साथ समन्वय कर सकती हैं. इसके बाद प्रत्यर्पण या अन्य लागू कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे भारत लाने की कोशिश होगी.