नई दिल्ली। अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर के बावजूद भारत सरकार ने सतर्कता बरतते हुए अपने नागरिकों के लिए नई ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर दी है। केंद्र ने साफ तौर पर कहा है कि ईरान में मौजूद भारतीय जितना जल्दी हो सके, देश छोड़ दें।
सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी में हाई अलर्ट का जिक्र करते हुए भारतीयों को सलाह दी गई है कि वे दूतावास के संपर्क में रहें और बिना अनुमति किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा को पार करने की कोशिश न करें। साथ ही, सुरक्षित और तय किए गए रास्तों से ही बाहर निकलने को कहा गया है।
ईरान में फंसे भारतीयों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। आपात स्थिति में +989128109115, +989128109109, +989128109102 और +989932179359 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा cons.tehran@mea.gov.in
पर ईमेल के जरिए भी सहायता ली जा सकती है। इससे पहले भी सरकार ने 48 घंटे तक सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी थी।
इस बीच, अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्तों के लिए अस्थायी युद्धविराम लागू हुआ है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तय समय सीमा खत्म होने से पहले ही सीजफायर का ऐलान कर दिया। बताया जा रहा है कि 28 फरवरी 2026 से शुरू हुए तनाव के बाद ट्रंप कई बार ईरान को समझौते के मौके दे चुके हैं।
हालांकि हालात अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं हैं। ट्रंप ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य को नहीं खोला गया तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। इससे पहले भी वे कई बार हमले की डेडलाइन बढ़ाते और चेतावनी देते रहे हैं।
कुल मिलाकर, भले ही फिलहाल सीजफायर लागू है, लेकिन क्षेत्र में तनाव बरकरार है। ऐसे में भारत सरकार ने एहतियात के तौर पर अपने नागरिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने या देश छोड़ने की सलाह दी है।