नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। खबरों के मुताबिक, ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम ने होर्मुज स्ट्रेट के पास अमेरिकी वायुसेना के A-10 थंडरबोल्ट-II (वॉर्थोग) फाइटर जेट को निशाना बनाया। हमले के बाद विमान में आग लग गई और वह क्रैश हो गया। हालांकि, पायलट समय रहते इजेक्ट करने में सफल रहा और बाद में उसे अमेरिकी सेना ने सुरक्षित बचा लिया।
इससे पहले भी ईरान ने अमेरिकी F-15E स्ट्राइक ईगल को अपने एयरस्पेस में मार गिराने का दावा किया था। उस घटना में दोनों पायलट इजेक्ट तो हो गए थे, लेकिन वे लापता हो गए। अमेरिका और इजरायल ने मिलकर सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसमें एक पायलट को बचा लिया गया, जबकि दूसरा अब भी लापता बताया जा रहा है। उसकी तलाश लगातार जारी है।
इसी बीच ईरान ने लापता अमेरिकी पायलट को लेकर बड़ा ऐलान किया है। दक्षिण-पश्चिमी ईरान के एक प्रांत के गवर्नर ने कहा है कि जो कोई भी उस पायलट की जानकारी देगा या उसे पकड़कर सौंपेगा, उसे इनाम दिया जाएगा। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि पायलट को खत्म करने पर भी इनाम की घोषणा की गई है।
वहीं, कूटनीतिक स्तर पर भी हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। अमेरिका की ओर से भेजे गए 48 घंटे के युद्धविराम प्रस्ताव को ईरान ने ठुकरा दिया है। बताया जा रहा है कि एक मध्यस्थ देश के जरिए यह प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन ईरान ने साफ कर दिया कि वह फिलहाल सीजफायर के पक्ष में नहीं है। ईरान का कहना है कि वह लंबे समय तक युद्ध लड़ने के लिए तैयार है और संघर्ष खत्म करने का फैसला वही करेगा।