नई दिल्ली। तेहरान से बड़ी खबर सामने आई है। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) के इंटेलिजेंस चीफ मेजर जनरल सैयद माजिद खादेमी की एक हवाई हमले में मौत हो गई है। ईरान की ओर से जारी आधिकारिक बयान में दावा किया गया है कि यह हमला अमेरिका और इजरायल ने मिलकर किया।
IRGC के मुताबिक, सोमवार सुबह तड़के हुए इस हमले में खादेमी मारे गए। हालांकि, हमले की सटीक लोकेशन का खुलासा नहीं किया गया है। बयान में बताया गया कि खादेमी करीब 50 वर्षों से देश की सेवा में सक्रिय थे और उन्होंने खुफिया एवं सुरक्षा तंत्र में कई अहम भूमिकाएं निभाईं।
ईरान ने उन्हें देश की सुरक्षा का मजबूत स्तंभ बताया है। दावा किया गया है कि उन्होंने दुश्मनों की घुसपैठ रोकने और देश की स्थिरता बनाए रखने में अहम योगदान दिया। बता दें कि खादेमी हाल के दिनों में मारे गए ईरान के शीर्ष अधिकारियों में शामिल हैं। इससे पहले भी कई हाई-प्रोफाइल नेताओं को निशाना बनाया जा चुका है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते दिनों सुरक्षा और खुफिया तंत्र से जुड़े बड़े नामों पर हमले हुए थे।
28 फरवरी से शुरू हुए हमलों के बाद से क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है। इन हमलों में ईरान के कई वरिष्ठ अधिकारियों के मारे जाने की खबरें सामने आई हैं, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस घटना के बाद मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ सकता है। फिलहाल, ईरान की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया के संकेत दिए जा रहे हैं।