ऑस्ट्रियाई सरकार ने देश में कोरोना वायरस के तेजी से बढ़ रहे मामलों को रोकने के लिए रविवार आधी रात से बिना टीकाकरण वाले लोगों के लिए देशव्यापी तालाबंदी का आदेश दिया। इस कदम से 12 साल से अधिक उम्र के गैर-टीकाकृत व्यक्तियों को काम करने, किराने की खरीदारी, टहलने जाने या टीकाकरण जैसी बुनियादी गतिविधियों पर रोक लग गई है।
अधिकारियों को चिंता है कि अस्पताल के कर्मचारी अब कोविड -19 रोगियों के बढ़ते केस को नहीं संभाल पाएंगे। चांसलर एलेक्ज़ेंडर शालेनबर्ग ने रविवार को वियना में संवाददाताओं से कहा,’ऑस्ट्रिया की सरकार के रूप में यह हमारा काम है कि हम लोगों की रक्षा करें। इसलिए हमने फैसला किया कि सोमवार से नाॅन वैक्सीनेटेड लोगों के लिए लाॅकडाउन होगा।’
जानकारी के मुताबिक 89 लाख लोगों के अल्पाइन देश में लॉकडाउन लगभग 2 मिलियन लोगों को प्रभावित करता है। यह 12 साल से कम उम्र के बच्चों पर लागू नहीं होगा। शॉलेनबर्ग ने कहा कि ‘लाॅकडाउन शुरू में 10 दिनों तक चलेगा और पुलिस को बाहर के लोगों की जांच करने के लिए कहा गया है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उन्हें टीका लगाया गया है।’