फ्रांस के एवियन में आयोजित जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी एक बार फिर अपनी मुलाकात को लेकर चर्चा में आ गए। ग्रुप फोटो सेशन के दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई दोस्ताना बातचीत और हल्के-फुल्के अंदाज ने सोशल मीडिया पर नया ट्रेंड शुरू कर दिया है।
समिट स्थल पर विश्व नेताओं के बीच औपचारिक मुलाकातों के बीच मोदी और मेलोनी की बातचीत ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी के साथ अभिवादन किया और कुछ देर अनौपचारिक बातचीत भी की। इस दौरान मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा कि उनसे दोबारा मिलकर खुशी हुई। बातचीत के दौरान दोनों नेताओं के बीच ‘मेलोडी’ को लेकर भी मजाकिया अंदाज में चर्चा हुई, जिस पर दोनों मुस्कुराते नजर आए।
इस मुलाकात का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर #Melodi फिर से ट्रेंड करने लगा। इंटरनेट यूजर्स दोनों नेताओं की सहज बॉन्डिंग और फ्रेंडली केमिस्ट्री को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
दरअसल, ‘मेलोडी’ शब्द पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय है। यह नाम प्रधानमंत्री मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के नामों को जोड़कर बनाया गया है। इसकी शुरुआत 2023 में हुई थी, जब COP28 सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की एक सेल्फी वायरल हुई थी। इसके बाद से सोशल मीडिया पर दोनों की मुलाकातों को लेकर ‘मेलोडी’ ट्रेंड चल पड़ा।
हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी की इटली यात्रा के दौरान भी यह चर्चा सुर्खियों में रही थी। उस दौरान पीएम मोदी अपने साथ ‘मेलोडी’ नाम की टॉफियां लेकर पहुंचे थे, जिसे लेकर जॉर्जिया मेलोनी ने भी सोशल मीडिया पर हल्के अंदाज में प्रतिक्रिया दी थी। दोनों नेताओं का वह वीडियो भी इंटरनेट पर काफी वायरल हुआ था।
जी7 समिट में एक बार फिर दोनों नेताओं की मुलाकात ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर दोस्ताना कूटनीति की झलक दिखाई है। राजनीतिक चर्चाओं के बीच यह हल्का और मानवीय पल सोशल मीडिया पर लोगों को काफी पसंद आ रहा है।