नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में मंगलवार को रोम पहुंचे, जहां इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए उन्हें रोम में स्वागत संदेश दिया।
इससे पहले भी दोनों नेताओं की इटली के ऐतिहासिक Colosseum के पास ली गई तस्वीर चर्चा में रही थी। प्रधानमंत्री मोदी के रोम पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने भी उत्साह के साथ उनका स्वागत किया।
भारतीय समुदाय से मिले प्रधानमंत्री
रोम में प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे से भी मुलाकात की, जिसने उनकी तस्वीर बनाकर स्वागत किया था। प्रधानमंत्री ने बच्चे को ऑटोग्राफ देकर उसका उत्साह बढ़ाया।
सनातन धर्म को लेकर भी हुई चर्चा
प्रधानमंत्री से मिलने वालों में स्वामिनी शुद्धानंद गिरि भी शामिल रहीं। उन्होंने बताया कि वह दूसरी बार पीएम मोदी से मिली हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इटली की संसद ने ‘सनातन धर्म संघ’ को आधिकारिक मान्यता प्रदान की है।
वाराणसी से प्रेरित पेंटिंग ने खींचा ध्यान
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी के घाटों पर आधारित एक पेंटिंग भी देखी, जिसे एक इतालवी कलाकार ने भारतीय संस्कृति से प्रेरित होकर बनाया था। कलाकार ने बताया कि भारत की संस्कृति और रंगों ने उनकी कला को गहराई से प्रभावित किया है।
कलाकारों ने जताई खुशी
प्रधानमंत्री के स्वागत कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों ने भी उनसे मुलाकात को खास अनुभव बताया। कलाकारों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सामने प्रस्तुति देना उनके लिए गर्व और खुशी का क्षण था।