नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के पहले चरण में UAE पहुंचे, जहां अबू धाबी एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। यूएई के राष्ट्रपति Mohamed bin Zayed Al Nahyan ने खुद एयरपोर्ट पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री को औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी हुई, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय हालात और रणनीतिक सहयोग जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और यूएई के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों देश आने वाले समय में हर क्षेत्र में मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी तनाव और संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि युद्ध और अस्थिरता का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी विवाद का समाधान बातचीत और संयम के जरिए ही संभव है। पीएम मोदी ने यूएई पर हुए हमलों की भी निंदा की और कहा कि कठिन समय में भारत पूरी मजबूती के साथ यूएई के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने यूएई सरकार द्वारा वहां रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और देखभाल को लेकर आभार भी जताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह लंबे समय से यूएई राष्ट्रपति से मुलाकात करना चाहते थे और व्यक्तिगत रूप से मिलकर उन्हें खुशी हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि दोनों नेताओं के बीच लगातार संवाद बना हुआ है। वार्ता के दौरान पीएम मोदी ने कहा, “मैं अपने दूसरे घर आया हूं। यूएई के लोगों का स्नेह और सम्मान भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।” उन्होंने यूएई वायुसेना द्वारा दिए गए सुरक्षा सम्मान को भी भारत के लिए गर्व का विषय बताया।
वहीं यूएई राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए कहा कि वह अपने दूसरे घर आए हैं। दोनों नेताओं के बीच आपसी सहयोग और क्षेत्रीय शांति को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई।