नई दिल्ली। कोरोना वायरस पूरी दुनिया में तबाही मचा रहा है। भारत समेत कई देशों में कोरोना तेज़ी से लोगों को अपना शिकार बना रहा है। इनमें से एक देश स्पेन भी है।
इस देश से कोरोना का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे। दरअसल, स्पेन में 40 वर्षीय एक शख्स को 22 लोगों में कोरोना संक्रमण फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
स्पेन की पुलिस ने जानकारी दी कि मलोर्का शहर से शनिवार को इस 40 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया गया है। यह शख्स कोरोना पॉजिटिव है और उसने जानबूझकर 22 लोगों में कोरोना फैलाया है। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
यूरो न्यूज के मुताबिक, कोरोना वायरस के लक्षण होने और आरटी-पीसीआर टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद भी यह आदमी ऑफिस जाता रहा। उसके सहकर्मियों ने पुलिस को बताया कि वह 40 डिग्री सेल्यियस बुखार में ही काम करने जाता था।
उसने अपने वर्कप्लेस यानी दफ्तर में जोर से खांसी की, अपने चेहरे से मास्क हटाया और लोगों से बोला कि वह सबको कोरोना वायरस फैलाएगा। पुलिस ने बताया कि उसने आठ लोगों में प्रत्यक्ष तौर पर कोरोना संक्रमण फैलाया, जबकि उससे 14 और लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से कोरोना हुआ।
पुलिस के मुताबिक, उसके जरिये जिन लोगों को कोरोना हुआ है, वह उनके दफ्तर और जिम के लोग हैं।