2019 के पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड अर्जुमंद गुलजार उर्फ हमजा बुरहान की मौत के बाद उसका जनाजा पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में किया गया। इस दौरान कई बड़े आतंकी संगठनों के शीर्ष कमांडर भी वहां मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक, जनाजे में हिजबुल मुजाहिद्दीन के चीफ सैयद सलाउद्दीन और अल-बदर के प्रमुख बख्त जमीन खान समेत कई आतंकियों ने शिरकत की।
जानकारी के अनुसार, पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भारी हथियारों से लैस आतंकी जनाजे की सुरक्षा में तैनात रहे। बताया जा रहा है कि AK-47 जैसे आधुनिक हथियारों के साथ आतंकियों ने इलाके की घेराबंदी कर रखी थी।
हमजा बुरहान को भारत ने साल 2022 में आधिकारिक तौर पर आतंकवादी घोषित किया था। उसे 2019 के पुलवामा हमले का मुख्य साजिशकर्ता माना जाता है, जिसमें CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे। हमले के बाद से वह पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में छिपकर रह रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले मुजफ्फराबाद में अज्ञात बंदूकधारियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसका शव इस्लामाबाद लाया गया, जहां उसे दफनाया गया।
जनाजे में बड़ी संख्या में आतंकी संगठनों के सदस्यों की मौजूदगी ने पाकिस्तान और PoK में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारतीय सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।