खाड़ी देश ओमान से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सुल्तान सईद बिन तैमूर स्ट्रीट पर भारतीय नागरिकों को लेकर जा रही एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य भारतीय घायल बताए जा रहे हैं। रॉयल ओमान पुलिस के मुताबिक, शनिवार को गाड़ी में खराबी आने के बाद वह अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई, जिसके बाद हादसा हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची।
घायलों को निजवा अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए निजवा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रॉयल ओमान पुलिस एयर विंग ने गंभीर रूप से घायल दो लोगों को अल हेमा गवर्नरेट से निजवा अस्पताल पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि भारतीय मूल के 9 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना की वजह से जुड़ी अन्य जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
खराब मौसम के बीच हुआ हादसा
स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, इलाके में आंधी-तूफान, भारी बारिश और उड़ती धूल के कारण हाईवे पर विजिबिलिटी कम होने की चेतावनी भी जारी की गई थी। हालांकि, पुलिस ने हादसे की वजह के तौर पर फिलहाल सिर्फ गाड़ी में आई खराबी और उसके सड़क से उतरने की जानकारी दी है। फिलहाल घायलों का निजवा अस्पताल में इलाज जारी है और स्थानीय अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।