नई दिल्ली। जन्माष्टमी के दिन दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। राजधानी में हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। इसका असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी देखने को मिला, जहां टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में भारी पानी जमा हो गया। जलभराव के चलते यात्रियों को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद टर्मिनल-3 के आगमन क्षेत्र के बाहर पानी इतना भर गया कि यात्रियों को करीब आधे घंटे तक इसके कम होने का इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों को पानी के बीच से होकर आगमन द्वार की ओर जाना पड़ा। इससे एयरपोर्ट पर कुछ समय के लिए यात्रियों की आवाजाही प्रभावित रही।
एयरपोर्ट कर्मचारियों ने जताई चिंता
एयरपोर्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों ने भी जलभराव की स्थिति पर चिंता जताई। उनका कहना है कि कई वर्षों से एयरपोर्ट पर काम करने के बावजूद उन्होंने परिसर में इस स्तर पर पानी जमा होते पहले नहीं देखा। कर्मचारियों और यात्रियों के बीच जलभराव के कारणों को लेकर ड्रेनेज या सीवर लाइन में रुकावट की आशंका जताई गई। लोगों ने मांग की कि पानी की निकासी की व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि भारी बारिश के दौरान दोबारा ऐसी स्थिति न बने। साथ ही भविष्य में एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण परिसर में जलभराव की समस्या रोकने के लिए स्थायी उपाय किए जाने की जरूरत बताई गई।
दिल्ली-NCR में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम खराब रहने का अनुमान है। पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन घंटों के दौरान दिल्ली के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर 50 से 100 मिलीमीटर तक भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान बिजली चमकने और करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और जलभराव वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।