देश में ओमीक्रॉन के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। भारत में कुल मामले 422 पहुंच गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के सबसे ज्यादा 108 मरीज रिपोर्ट किए गए हैं। इनमें से 42 इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। शनिवार को देशभर में ओमिक्रॉन के कुल 415 मरीज थे। दिल्ली में ओमिक्रॉन के 79 मरीज हैं, इनमें से 23 स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक देशभर में कुल 130 ओमिक्रॉन मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

मंत्रालय के अनुसार देशभर में 24 घंटे में कोरोना के भी 6,987 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में अब तक कुल कोविड संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 47 लाख, 86 हजार 802 हो गई है। पिछले 24 घंटों में देशभर में कुल 162 लोगों की कोविड से मौत भी हुई है। अबतक देश में कोविड से कुल 4 लाख 79 हजार 682 लोगों की मौत हो चुकी है।

देश में एक्टिव केसेस की संख्या 76,766 हो गई है। एक्टिव केस कुल संक्रमण का एक फीसदी से भी कम है। फिलहाल यह 0.22 फीसदी है, जो मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है। देश में फिलहाल रिकवरी रेट 98.40 फीसदी दर्ज की गई है जो मार्च 2020 के बाद से सबसे ज्यादा है। पिछले 24 घंटों में देशभर में कुल 7,091 मरीज कोविड महामारी से स्वस्थ हुए हैं। अब तक देशभर में कुल 3 करोड़, 42 लाख, 30 हजार, 354 लोग इस महामारी को मात दे चुके हैं।