राष्ट्रीय राजधानी में CJP के ‘चलो संसद’ अभियान और संसद क्षेत्र के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने गुरुवार को भी 16 मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला किया है। DMRC के अनुसार, ये स्टेशन सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक यात्रियों के लिए बंद रहेंगे। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा पहले की तरह उपलब्ध रहेगी, जिससे विभिन्न कॉरिडोर के बीच यात्रियों की आवाजाही जारी रहेगी।
ये 16 मेट्रो स्टेशन रहेंगे बंद
DMRC की ओर से जारी सूचना के मुताबिक लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोरबाग और शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन फिलहाल यात्रियों के लिए बंद रहेंगे। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर केवल इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रहेगी। इन स्टेशनों पर यात्रियों को प्रवेश और निकास की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला
राजधानी में चल रहे प्रदर्शन और संसद क्षेत्र के आसपास सुरक्षा एजेंसियों की बढ़ी हुई तैनाती को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने अतिरिक्त बैरिकेडिंग की है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के मद्देनजर कई मेट्रो स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की निगरानी बढ़ाई गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
यात्रियों के लिए DMRC की सलाह
DMRC ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले अपने रूट की जानकारी की पुष्टि करने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है। मेट्रो प्रशासन ने कहा है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और सुरक्षा एजेंसियों से प्राप्त निर्देशों के आधार पर आगे के निर्णय लिए जाएंगे। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ताजा जानकारी के लिए DMRC के आधिकारिक अपडेट पर नजर बनाए रखें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।