कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ मंगलवार को बाजार में आ गई। खास बात यह है कि किताब को किसी बड़े लॉन्च कार्यक्रम के बिना ही पाठकों के लिए उपलब्ध करा दिया गया। हालांकि, किताब के सामने आते ही राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे लेकर सोनिया गांधी पर निशाना साधा है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने किताब के शीर्षक पर सवाल उठाते हुए तंज कसा कि इसका नाम ‘बिलॉन्गिंग’ के बजाय ‘व्हाइटवॉशिंग’ होना चाहिए था।
बीजेपी ने आत्मकथा को बताया इतिहास पर पर्दा डालने की कोशिश
बीजेपी प्रवक्ता सीआर केसवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सोनिया गांधी की किताब की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि आत्मकथा के जरिए नेहरू-गांधी परिवार से जुड़ी ऐतिहासिक गलतियों और कांग्रेस के कार्यकाल के विवादित अध्यायों को छिपाने की कोशिश की गई है। केसवन के मुताबिक, किताब में कई ऐसे मुद्दों का जिक्र नहीं किया गया है, जिन पर कांग्रेस और गांधी परिवार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने सोनिया गांधी के विचारों और उनके पुराने राजनीतिक रुख को लेकर भी सवाल खड़े किए।
1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र कर साधा निशाना
सीआर केसवन ने अपनी पोस्ट में 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि सोनिया गांधी ने बाबरी मस्जिद को लेकर अपनी भावनाओं का जिक्र किया है, लेकिन क्या उन्होंने 1984 में सिख समुदाय के खिलाफ हुई हिंसा पर भी वैसी ही संवेदना दिखाई थी?बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि उस दौरान गुरुद्वारों पर हमले हुए और बड़ी संख्या में निर्दोष लोगों की जान गई। उन्होंने कांग्रेस के शासनकाल में हुई इस हिंसा को लेकर सोनिया गांधी की चुप्पी पर सवाल उठाए।
बाटला हाउस मुठभेड़ और 26/11 हमले पर भी घेरा
बीजेपी नेता ने बाटला हाउस मुठभेड़ का जिक्र करते हुए भी सोनिया गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि क्या सोनिया गांधी ने आतंकवादियों के बजाय देश की सुरक्षा में जान गंवाने वाले जवानों के लिए भी अपनी भावनाएं जाहिर की थीं? इसके साथ ही उन्होंने 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमलों का मुद्दा उठाया। केसवन ने आरोप लगाया कि तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार इन हमलों का प्रभावी जवाब देने में नाकाम रही थी। उन्होंने सवाल किया कि क्या सोनिया गांधी की आत्मकथा में इन घटनाओं और उस समय सरकार की भूमिका को लेकर कोई स्पष्ट जवाब दिया गया है?
इमरजेंसी को लेकर भी सोनिया गांधी पर टिप्पणी
सीआर केसवन ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाई गई इमरजेंसी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब में आपातकाल के फैसले को सही ठहराने की कोशिश की है। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि इमरजेंसी के दौरान देश में लोकतांत्रिक अधिकारों पर रोक लगी थी और संविधान की मूल भावना को नुकसान पहुंचा था। उनके मुताबिक, उस दौर को सामान्य घटना की तरह पेश करना बेहद चिंताजनक है।
कांग्रेस के शासनकाल को लेकर भी बीजेपी का हमला
अपने बयान में केसवन ने कांग्रेस के लंबे शासनकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के बाद केंद्र में कांग्रेस की सरकारें लंबे समय तक नेहरू-गांधी परिवार के प्रभाव में काम करती रहीं। इस दौरान देश की राजनीति और लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार कांग्रेस के शासनकाल से जुड़ी ऐतिहासिक गलतियों को सुधारने का प्रयास कर रही है।
क्या है सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग’?
सोनिया गांधी की आत्मकथा का नाम ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ है। किताब के बाजार में आने के बाद से ही राजनीतिक गलियारों में इसकी चर्चा शुरू हो गई है। जहां कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष की निजी जिंदगी और राजनीतिक सफर को लेकर पाठकों की दिलचस्पी है, वहीं बीजेपी ने इसके जरिए कई पुराने राजनीतिक विवादों को फिर से हवा दे दी फिलहाल, इस किताब को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी बहस तेज होने के आसार हैं।