नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर अपने प्रवक्ता विजेता दहिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रवक्ता पद और अन्य सभी आधिकारिक जिम्मेदारियों से हटा दिया है। यह फैसला उस समय आया है जब सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और संसद मार्च में उनकी अनुपस्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जारी बयान में कहा कि प्रदर्शन के दौरान जब कार्यकर्ता और समर्थक पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे थे, उसी समय सामने आए वीडियो को संगठन ने गंभीरता से लिया है। CJP ने इसे आंदोलन की भावना के विपरीत बताते हुए कहा कि ऐसा व्यवहार संगठन के मूल्यों और सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है। बयान में कहा गया कि आंदोलन के संवेदनशील दौर में इस तरह की सार्वजनिक गतिविधियां कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच गलत संदेश देती हैं। इसी वजह से विजेता दहिया को प्रवक्ता पद से हटाने का निर्णय लिया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विजेता दहिया एक रेस्टोरेंट में बर्गर खाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह अपने ऊपर लग रहे सवालों का जवाब देते हुए कहते हैं कि उन्होंने भोजन इसलिए किया क्योंकि उन्हें भूख लगी थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें किसी राजनीतिक पद के लिए चुना नहीं गया है और वे खुद को हर बात के लिए जवाबदेह नहीं मानते।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूजर्स ने संसद मार्च के दौरान उनकी अनुपस्थिति और वीडियो के समय को लेकर सवाल उठाए। हालांकि, विजेता दहिया की ओर से पार्टी के फैसले पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। गौरतलब है कि CJP हाल के दिनों में शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन चला रही है। ऐसे में पार्टी ने स्पष्ट किया है कि संगठन के सिद्धांतों और अनुशासन से समझौता नहीं किया जाएगा और जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों से संवेदनशील आचरण की अपेक्षा की जाती है।