गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा चरम पर है। चुनाव के आखिरी दौर में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला और तेज हो गया है। कांग्रेस और बीजेपी के बीच जुबानी जंग अब व्यक्तिगत आरोपों तक पहुंच गई है। कांग्रेस नेताओं पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी रिंकी भुइयां सरमा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों पर अब सीएम सरमा ने तीखा पलटवार किया है।
सीएम सरमा का कांग्रेस पर हमला
मीडिया से बातचीत में हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वह कांग्रेस के खिलाफ बड़ा एक्शन लेने वाले हैं। ये पवन खेड़ा को मैं पवन पेड़ा बना दूंगा। सीएम ने तीखे शब्दों में कहा कि कांग्रेस नेताओं के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वे बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर भी टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाए। साथ ही पवन खेड़ा को लेकर भी विवादित बयान दिया।
पत्नी पर लगे आरोपों पर दी सफाई
अपनी पत्नी रिंकी भुइयां सरमा पर लगे आरोपों को लेकर सीएम ने कहा कि कांग्रेस द्वारा पेश किए गए दस्तावेज फर्जी हैं। उनका दावा है कि इन दस्तावेजों में छेड़छाड़ की गई है और AI आधारित फोटोशॉप तकनीक का इस्तेमाल हुआ है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली और गुवाहाटी में हुई कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस की सामग्री एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह से ली गई थी।
कांग्रेस के आरोप क्या हैं?
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि रिंकी भुइयां सरमा के पास तीन विदेशी पासपोर्ट हैं—यूएई, मिस्र और एंटीगुआ एंड बारबुडा के। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि दुबई में उनकी संपत्तियां हैं और अमेरिका के व्योमिंग में एक कंपनी से उनका संबंध है। कांग्रेस का आरोप है कि इन विदेशी संपत्तियों का चुनावी हलफनामे में खुलासा नहीं किया गया।
पवन खेड़ा के खिलाफ FIR
इन आरोपों के बाद रिंकी भुइयां सरमा ने पवन खेड़ा के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में पुलिस टीम उनसे पूछताछ के लिए उनके आवास पर पहुंची, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं थे।