जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लश्कर-ए-तैयबा के एक अंतरराज्यीय आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में श्रीनगर से अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब्दुल्ला पिछले 16 वर्षों से फरार चल रहा था और देश के विभिन्न हिस्सों में संगठन का नेटवर्क खड़ा करने में सक्रिय था।
पुलिस के अनुसार, इस ऑपरेशन के दौरान एक अन्य पाकिस्तानी आतंकवादी उस्मान उर्फ खुबैब को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के संयुक्त अभियान के तहत की गई।
जांच एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और हरियाणा समेत 19 स्थानों पर छापेमारी की, जहां से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क आतंकियों को रसद और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराता था। गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से तीन श्रीनगर के रहने वाले हैं।
पुलिस ने मोहम्मद नकीब भट, आदिल राशिद भट और गुलाम मोहम्मद मीर उर्फ मामा को आतंकवादियों को आश्रय, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था। जांच में यह भी सामने आया है कि विदेशी आतंकवादी जाली दस्तावेजों के जरिए देश के अंदर और बाहर आवाजाही कर रहे थे। ये आतंकी करीब 16 साल पहले भारत में घुसपैठ कर चुके थे और कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों में सक्रिय रहे।
इन आतंकियों ने वर्षों में लगभग 40 विदेशी आतंकवादियों को समर्थन और नेतृत्व प्रदान किया, जिनमें से अधिकांश को सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ों में मार गिराया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और एजेंसियां नेटवर्क के अन्य कड़ियों की तलाश में जुटी हैं।