भोपाल| भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। मामले के आरोपी पति Samarth Singh को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबलपुर में सरेंडर के बाद उसे भोपाल पुलिस के हवाले किया गया, जिसके बाद पुलिस आरोपी को भोपाल लेकर पहुंची। अब उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है।
जानकारी के मुताबिक, समर्थ सिंह शुक्रवार को जबलपुर जिला अदालत पहुंचा था। वह कथित तौर पर कोर्ट में आत्मसमर्पण करने आया था। जैसे ही उसकी मौजूदगी की सूचना पुलिस को मिली, जबलपुर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और बाद में भोपाल पुलिस को सौंप दिया।
बताया जा रहा है कि ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से ही समर्थ सिंह फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था।
इससे पहले आरोपी की ओर से मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में दाखिल अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली गई थी। अदालत में उसके वकील ने कहा था कि समर्थ आत्मसमर्पण करने के लिए तैयार है। इसके बाद उसके सामने सरेंडर के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था।
मामले में उस समय भी हलचल बढ़ गई जब समर्थ सिंह जबलपुर जिला अदालत पहुंचा। ट्विशा शर्मा के परिवार की ओर से मौजूद वकीलों ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुसार आरोपी को भोपाल की अदालत या जांच अधिकारी के सामने सरेंडर करना चाहिए था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ की जाएगी और कोर्ट से उसे रिमांड पर लेने की मांग भी की जा सकती है। वहीं बार काउंसिल ने भी समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस रद्द कर दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है।