उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रुद्रप्रयाग से श्रीनगर की ओर जा रहा एक मैक्स वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के समय वाहन में चालक समेत कुल 9 लोग सवार थे।
दुर्घटना में 8 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंच गई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सुबह करीब 10:07 बजे जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को हादसे की जानकारी मिली थी। इसके बाद तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा, पुलिस टीम और रेस्क्यू दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
स्थानीय पुलिस और राहत-बचाव टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा।
प्रशासन के मुताबिक सभी घायलों का इलाज जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। जिला प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।