गोवा| गोवा से दिल्ली जा रही IndiGo की फ्लाइट को मंगलवार सुबह तकनीकी गड़बड़ी के चलते वापस गोवा लौटना पड़ा। फ्लाइट 6E 2102 ने नॉर्थ गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही देर बाद विमान में तकनीकी समस्या का पता चला। स्थिति को देखते हुए पायलटों ने विमान को दिल्ली ले जाने के बजाय वापस गोवा की ओर मोड़ने का फैसला किया। इसके बाद फ्लाइट की मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
उड़ान के कुछ देर बाद सामने आई तकनीकी समस्या
IndiGo के प्रवक्ता के मुताबिक, मंगलवार को नॉर्थ गोवा से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E 2102 के टेकऑफ के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी का पता चला था। विमान में इंजन से जुड़ी समस्या की आशंका के बाद पायलटों ने तय प्रक्रिया के तहत विमान को वापस एयरपोर्ट लाने का फैसला किया। प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई और सभी मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया। विमान को सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट पर उतार लिया गया।
विमान की मेंटेनेंस जांच शुरू
लैंडिंग के बाद विमान को जांच के लिए भेज दिया गया है। इंजीनियर और मेंटेनेंस टीम तकनीकी समस्या की वजह का पता लगाने में जुटी है। कंपनी के अनुसार, विमान को जरूरी तकनीकी जांच और सभी आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद ही दोबारा उड़ान सेवा में शामिल किया जाएगा। फिलहाल घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।