अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में बारिश के बाद मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। हवालबाग विकासखंड की उडयूडा ग्राम पंचायत में पहाड़ी से खिसककर आया भारी मलबा एक आवासीय मकान में जा घुसा। हादसे के वक्त घर के अंदर मौजूद एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए। रेस्क्यू के बाद तीनों के शव बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव टीमों में सक्रियता बढ़ गई। एसडीआरएफ और जिला आपदा प्रबंधन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का काम शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद निकाले गए शव
रेस्क्यू टीमों ने काफी प्रयास के बाद मलबा हटाकर घर के अंदर फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान प्रेमा देवी (41), उनके बेटे मनीष (17) और बेटी कल्पना (19) के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है।
DM ने मौके की जानकारी ली
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने घटना में तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बारिश के बाद मकान में मलबा घुसने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीआरएफ और आपदा राहत दल को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान तीनों के शव बरामद कर लिए गए। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बारिश के बाद बढ़ी पहाड़ी इलाकों में चिंता
हादसे के बाद प्रशासन ने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत-बचाव से जुड़ी टीमों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। लगातार बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मलबा आने की घटनाओं को देखते हुए स्थानीय स्तर पर भी सतर्कता बरती जा रही है।