नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। यहां एक मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को ढेर कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ सोमवार की देर रात को शुरू हुई थी। इससे पहले 4 अक्टूबर को भी सुरक्षबलों ने दो आतंकियों को ढेर किया था। ये आतंकवादी कुलगाम के ही रहने वाले थे. मुठभेड़ में मारे गए दोनों आतंकियों की पहचान भी कर ली गई है।
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि इन दोनों आतंकवादियों की पहचान मोरीफत मकबूल और जाजिम फारुख उर्फ अबरार के रूप में हुई है। साथ ही पुलिस ने बताया कि जाजिम फारुख उर्फ अबरार कश्मीरी पंडित संजय शर्मा की हत्या में भी शामिल था। बता दें कि इससे पहले सुरक्षाबलों ने हिज्बुल मुजाहिद्दीन के दो आतंकियों को मार गिराया था। पुलिस ने बताया था कि इन आतंकियों की पहचान बासित अमीन भट और साकिब अहमद लोन के रूप में हुई और दोनों ही कुलगाम के रहने वाले थे। पुलिस ने आगे जानकारी देते हुए बताया था कि इन आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ उस वक्त शुरू हुई थी जब सुरक्षाबलों ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम के कुज्जर में आतंकियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना के आधार पर तलाशी अभियान शुरू करके इनकी घेराबंदी की थी।
इसके बाद हिज्बुल मुजाहिद्दीन के दो आतंकवादी मारे गए जिनके शव भी बरामद कर लिए गए। मौके से आपत्तिजनक दस्तावेज, हथियार, कारतूस और एके-47 सीरीज की दो राइफल भी बरामद की गईं।