वृंदावन: आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के लिए वृंदावन पहुंच गए हैं। भागवत यहां सात दिनों तक रहेंगे और इस दौरान लगभग 40 केंद्रीय पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। छोटी बैठकों का दौर सोमवार से शुरू हो गया है, जबकि मुख्य बैठक 6 जनवरी से 8 जनवरी तक केशव धाम में आयोजित होगी।
हर साल जनवरी के पहले सप्ताह में होने वाली इस बैठक में विभिन्न संगठनों पर विशेष चर्चा होती है। इस बार बैठक में बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार, सहकार क्षेत्र, शिक्षा क्षेत्र और बंगाल चुनाव पर भी विचार-विमर्श की संभावना है। आरएसएस के प्रमुख पदाधिकारियों में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होशबाले और छह सह सरकार्यवाह भी शामिल होंगे।
बैठक के बाद मोहन भागवत 9 जनवरी को चंद्रोदय मंदिर जाएंगे, जहां ठाकुर जी के दर्शन, गौशाला और रसोई का निरीक्षण करने के बाद पदाधिकारियों से चर्चा करेंगे। इसके बाद 10 जनवरी से 21 जनवरी तक सुदामा कुटी आश्रम में आयोजित शताब्दी समारोह के उद्घाटन सत्र में भी वे भाग लेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है।