देशभर में आज आयोजित हो रही NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा में करीब 22 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अभ्यर्थियों को संदेश देते हुए बिना किसी भय और तनाव के आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने की अपील की।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA), राज्य सरकारों, जिला प्रशासन, शिक्षा समुदाय और छात्रों पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, “आज करीब 22 लाख छात्र NEET परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। उन्हें निडर होकर और बिना किसी चिंता के परीक्षा देनी चाहिए। मुझे विश्वास है कि वे बेहतर प्रदर्शन करेंगे। मेरी ओर से सभी छात्रों को शुभकामनाएं।”
केंद्रीय मंत्री ने लोगों से नई पीढ़ी के भविष्य और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी कार्य नहीं होना चाहिए, जिससे छात्रों के मन में डर, भ्रम या तनाव पैदा हो। उन्होंने कहा, “भारत की नई पीढ़ी के भविष्य के साथ खिलवाड़ न करें। परीक्षा से ठीक पहले ऐसी कोई स्थिति न बने, जिससे बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़े।” बिना किसी का नाम लिए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कुछ कथित जिम्मेदार लोगों के हालिया बयानों और गतिविधियों से छात्रों के बीच अनावश्यक चिंता का माहौल बना। उन्होंने ऐसे लोगों से आगे किसी भी प्रकार का तनाव या भ्रम फैलाने से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा, “यदि आप स्वयं को जिम्मेदार नागरिक और देश के लोगों का प्रतिनिधि मानते हैं, तो बच्चों को और अधिक परेशानी न दें। इस समय छात्रों का मनोबल बढ़ाने की आवश्यकता है। गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को कथित पेपर लीक मामले के बाद रद्द कर दिया गया था। केंद्र सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी। इसी के बाद आज देशभर में पुनर्परीक्षा आयोजित की जा रही है।