नॉर्थ गोवा में तेज रफ्तार लग्जरी कार की टक्कर से एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 23 वर्षीय महिला कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि उसका सहकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय आरोपी डेरियस डायस को गिरफ्तार कर लिया है।
यह हादसा रविवार रात डोना पाउला इलाके में हुआ। जानकारी के मुताबिक, एक मिनी कूपर कार चला रहे आरोपी ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों लोग दूर जा गिरे। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी दीक्षा परवडकर को गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके सहकर्मी डी. अरुण कुमार (26) की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, दोनों एक फाइव स्टार होटल में कार्यरत थे और नाइट शिफ्ट पूरी करने के बाद घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। दीक्षा होटल में फ्रंट डेस्क एग्जीक्यूटिव के पद पर काम कर रही थीं। जांच में यह भी सामने आया है कि जिस मिनी कूपर कार से हादसा हुआ, उस पर अस्थायी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जो वाहन के स्थायी पंजीकरण से पहले इस्तेमाल की जाती है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।