प्रीत विहार इलाके में पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात सोमवार तड़के ए-144, प्रीत विहार में हुई।मृतक की पहचान 34 वर्षीय पंकज नैयर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी गौरव शर्मा घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, रात 2:22 बजे और 2:26 बजे फायरिंग और झगड़े को लेकर दो PCR कॉल प्राप्त हुईं, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
जांच में सामने आया कि पंकज नैयर और उसके भाई पारस का गौरव शर्मा से पार्किंग को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि कहासुनी के दौरान गौरव ने पंकज पर गोली चला दी, जो सीधे उसके सीने में लगी। गंभीर हालत में पंकज को निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, पारस और गौरव एक ही मकान में अलग-अलग मंजिल पर रहते थे और पिछले कुछ दिनों से पार्किंग को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। रविवार रात विवाद बढ़ने पर पारस ने अपने भाई पंकज को नोएडा से बुलाया, लेकिन मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया और यह घटना हो गई। पुलिस को दिए बयान में गौरव की पत्नी ने दावा किया है कि उसके पास कोई हथियार नहीं था। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि आरोपी के पास रिवॉल्वर कहां से आई और क्या वह पहले से वारदात की योजना बनाकर आया था।
Delhi Police ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं और आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक, गौरव शर्मा के पास BMW और फॉर्च्यूनर जैसी लग्जरी गाड़ियां हैं, लेकिन उसे केवल एक वाहन की पार्किंग मिली थी। इसी को लेकर विवाद हुआ, जिसने हत्या का रूप ले लिया। इस मामले में प्रीत विहार थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 115(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।