नई दिल्ली/काराकस। वेनेजुएला में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारत वेनेजुएला और वहां के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ा है तथा हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर जारी अपने संदेश में कहा, “वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप से हुई तबाही से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। भारत के लोगों की ओर से मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के नागरिकों, विशेष रूप से अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।
दो शक्तिशाली भूकंपों से दहला वेनेजुएला
जानकारी के अनुसार, वेनेजुएला में स्थानीय समयानुसार शाम करीब 6:04 बजे मोंटाल्बन क्षेत्र के निकट 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 13 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है। पहले झटके के बाद लोग संभल भी नहीं पाए थे कि एक मिनट के भीतर 7.5 तीव्रता का दूसरा शक्तिशाली भूकंप आ गया, जिससे कई इलाकों में दहशत फैल गई। भूकंप के झटके महसूस होते ही बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। कई क्षेत्रों में भवनों को नुकसान पहुंचने और जनजीवन प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं।
राहत और बचाव कार्य जारी
भूकंप के बाद प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने और प्रभावित नागरिकों तक सहायता पहुंचाने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों की ओर से लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय समुदाय भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कई देशों ने सहायता की पेशकश की है।