हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तेलंगाना में 6100 करोड़ की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शुभारंभ किया। वारंगल पहुंचे पीएम मोदी ने विभिन्न कार्यक्रम में शामिल होने से पहले प्रसिद्ध भद्रकाली मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की।
इन परियोजनाओं में काजीपेट में रेलवे वैगन विनिर्माण इकाई की आधारशिला रखना भी शामिल है, जिसे 500 करोड़ से अधिक की लागत से विकसित किया जाएगा। इस उच्च तकनीक विनिर्माण सुविधा से स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने और आसपास के क्षेत्रों में सहायक इकाइयों के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
तेलंगाना ने देश के इतिहास में दिया अहम योगदान
परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने कहा, पुराने बुनियादी ढांचे के आधार पर भारत का तीव्र विकास संभव नहीं था। आज हमारी सरकार पहले से अधिक गति और पैमाने पर काम कर रही है। तेलंगाना एक नया राज्य हो सकता है, लेकिन इसने देश के इतिहास में योगदान दिया है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज देश में तेजी से विकास हो रहा है। आज का देश युवाओं का देश है और इसके लिए केंद्र सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं।
गडकरी ने की पीएम मोदी की तारीफ
कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन 9 सालों की विशेषता रही है कि उन्होंने बुनियादी ढांचे के विकास को अधिक प्राथमिकता दी।
गडकरी ने कहा, मुझे बहुत खुशी है कि तेलंगाना में अभी तक 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं में कुछ पूरे हो गए हैं, कुछ चल रहे हैं और कुछ शुरू हुए हैं। मुझे विश्वास है कि 2024 समाप्त होने से पहले हम तेलंगाना में 2 लाख करोड़ रुपए का निवेश करेंगे। हम तेलंगाना का रोड इंफ्रास्ट्रक्चर बहुत अच्छे गुणवत्ता का बनाएंगे।