लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद Rahul Gandhi ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi से सवाल पूछते हुए कहा कि बार-बार परीक्षा के पेपर लीक हो रहे हैं, लेकिन शिक्षा मंत्री के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं हुई। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर 2024 और 2026 के NEET पेपर लीक मामलों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि 2024 में पेपर लीक हुआ था, लेकिन परीक्षा रद्द नहीं की गई और न ही किसी मंत्री ने इस्तीफा दिया। मामले की जांच सीबीआई को सौंपकर एक कमेटी बना दी गई थी। अब 2026 में फिर पेपर लीक हुआ, परीक्षा रद्द कर दी गई, लेकिन शिक्षा मंत्री अब भी अपने पद पर बने हुए हैं।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से तीन सीधे सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि देश जानना चाहता है कि बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं, “परीक्षा पे चर्चा” पर सरकार चुप क्यों है और लगातार विफल हो रहे शिक्षा मंत्री को अब तक हटाया क्यों नहीं गया। कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जवाबदेही से बच रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले लंबे समय तक चुप रहती है, फिर दोषियों को संरक्षण देती है और सवाल उठाने वालों पर हमला किया जाता है। राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 के मामले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के डीजी को हटाने के बाद मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बना दिया गया।
राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने 22 लाख NEET छात्रों के साथ धोखा किया है और संसद का अपमान किया है। उनका आरोप है कि संसदीय समिति की रिपोर्ट को सिर्फ इसलिए खारिज कर दिया गया क्योंकि उसमें विपक्षी सांसद शामिल थे। उन्होंने मांग की कि शिक्षा मंत्री को तुरंत पद से हटाया जाए। इधर, NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का गुस्सा भी बढ़ता जा रहा है। शनिवार को एनएसयूआई के नेतृत्व में सैकड़ों छात्रों ने NTA दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि भ्रष्ट NTA और मोदी सरकार ने NEET घोटाले के जरिए छात्रों का भविष्य बर्बाद कर दिया है। छात्रों ने शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने और NTA पर प्रतिबंध लगाने की मांग की।