नई दिल्ली: राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के मुद्दे पर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन करने के बाद पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव विवादों में घिर गए हैं। उनके खिलाफ दिल्ली के जहांगीरपुरी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान धार्मिक प्रतीकों का अपमान किया गया, जिससे सनातन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
शिकायतकर्ता सूर्य मैथिल ने आरोप लगाया कि संसद के बाहर प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव ने भगवा वस्त्रों का अनुचित इस्तेमाल किया और भगवान रामलला की तस्वीर को पैरों के नीचे रखकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। सूर्य मैथिल ने कहा, “पप्पू यादव ने संसद के बाहर जिस तरह भगवा का अपमान किया और प्रदर्शन किया, उससे करोड़ों सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं। इस प्रदर्शन को राहुल गांधी, डिंपल यादव, अवधेश कुमार और INDIA गठबंधन के अन्य सांसदों का भी समर्थन मिला।”
कानूनी कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता ने गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली पुलिस आयुक्त, संबंधित डीसीपी, एसीपी और जहांगीरपुरी थाना प्रभारी से मांग की है कि मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की जाए।
संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन
शुक्रवार, 31 जुलाई को संसद परिसर में विपक्षी दलों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से राम मंदिर के कथित चंदा चोरी के मुद्दे को उठाया गया। विपक्ष ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले पर जवाब देने की मांग की। साथ ही हाल ही में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सरकार को घेरा। प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव भगवा वस्त्र पहनकर मंदिर के पुजारी की वेशभूषा में नजर आए। उनके हाथ में भगवान राम की तस्वीर थी और प्रदर्शन के जरिए राम मंदिर के कथित चंदा विवाद को उठाने का प्रयास किया गया। फिलहाल, शिकायत दर्ज होने के बाद मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की प्रतीक्षा है।