नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद अब राज्य में बड़े फेरबदल किए हैं। पीएसी की बैठक में पार्टी ने सौरभ भारद्वाज को दिल्ली का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। सौरभ भारद्वाज अब गोपाल राय की जगह लेंगे। इसके अलावा बैठक में चार राज्यों में प्रभारी और 2 राज्यों में अध्यक्ष बनाए जाने का भी फैसला लिया गया है। महराज मलिक को जम्मू कश्मीर का अध्यक्ष बनाया गया। पंकज गुप्ता को गोवा का प्रभारी बनाया गया। गोपाल राय को गुजरात का प्रभारी, मनीष सिसोदिया को पंजाब का प्रभारी और संदीप पाठक को छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा दुर्गेश पाठक को गुजरात का सह प्रभारी, अंकुश नारंग को गोवा, सतेंद्र जैन को पंजाब का सह प्रभारी बनाया गया है। आम आदमी पार्टी के संगठन महासचिव और सांसद संदीप पाठक ने PAC बैठक के बाद जानकारी देते हुए कहा कि आज आम आदमी पार्टी की PAC की बैठक हुई कई मुद्दों पर चर्चा हुई। चार राज्यों में प्रभारी और 2 राज्यों में अध्यक्ष बनाए गए। कई राज्यों में सह प्रभारी भी बनाए गए।
बता दें कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को मतदान हुआ था। इस चुनाव के नतीजे ठीक तीन दिन बाद 8 फरवरी को सामने आए थे। नतीजे आम आदमी पार्टी के लिए बुरे साबित हुए थे। क्योंकि भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी को करारी शिकस्त देते हुए 70 में से 48 सीटों पर विजय हासिल की थी। वहीं, लगातार दो बार दिल्ली में सरकार बनाने वाली AAP महज 22 सीटों पर सिमटकर रह गई थी।