नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) में इन दिनों अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आ गया है। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को पार्टी ने राज्यसभा में उपनेता पद से हटा दिया है, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
राघव चड्ढा का पलटवार, सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
पार्टी के इस फैसले के बाद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर लगातार दो पोस्ट कर अपनी प्रतिक्रिया दी। पहले वीडियो पोस्ट में उन्होंने संसद में उठाए गए अपने सवालों को दिखाया। वहीं दूसरी पोस्ट में उन्होंने लिखा, “खामोश करवाया गया हूं, हारा नहीं हूं, ‘आम आदमी’ को मेरा संदेश।” इस बयान के बाद सियासी माहौल और गरमा गया है।
AAP नेताओं का हमला, सवालों की बौछार
राघव के बयान के बाद पार्टी नेताओं ने भी खुलकर प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है। AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख Anurag Dhanda ने सोशल मीडिया पर निशाना साधते हुए लिखा कि, “पिछले कुछ सालों से तुम डर गए हो राघव। मोदी के खिलाफ बोलने से घबराते हो, असली मुद्दों पर बोलने से घबराते हो।”
वहीं दिल्ली सरकार के मंत्री Saurabh Bharadwaj ने भी राघव के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मैंने आपका वीडियो देखा राघव भाई, बस इतना कहना चाहता हूं कि जो डर गया, समझो मर गया।” राघव चड्ढा को पद से हटाने और उसके बाद नेताओं के तीखे बयानों से साफ है कि पार्टी के अंदर मतभेद गहराते जा रहे हैं। अब देखना होगा कि यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है और पार्टी इसे कैसे संभालती है।