कोलकाता| समाजवादी पार्टी के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव गुरुवार को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता पहुंचे। एयरपोर्ट पर कदम रखते ही अखिलेश यादव के तेवर तल्ख नजर आए। उन्होंने मीडिया से मुखातिब होते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि बीजेपी अब देश में लोकतंत्र को कुचलने का नया ‘मॉडल’ तैयार कर रही है।
यूपी वाला मॉडल अब बंगाल में लागू-अखिलेश का गंभीर आरोप
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के उपचुनावों का हवाला देते हुए बीजेपी की चुनावी रणनीति को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि यूपी में जिस तरह प्रशासन और सुरक्षा बलों का इस्तेमाल कर मतदाताओं को बूथों तक जाने से रोका गया, वही खेल अब बंगाल की धरती पर खेला जा रहा है।
सपा प्रमुख ने कहा, “बंगाल में लोकतंत्र को खत्म करने का एक नया रास्ता खोज लिया गया है। यहां वोटिंग तो हुई है, लेकिन मतदाताओं ने भारी डर और प्रशासनिक दबाव के बीच अपने अधिकार का इस्तेमाल किया है। यह लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत नहीं है।”
संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ा ठीकरा
अखिलेश यादव ने सिर्फ बीजेपी ही नहीं, बल्कि चुनाव कराने वाली संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जिन संस्थाओं पर निष्पक्ष चुनाव कराने का जिम्मा था, वे अपनी साख पूरी तरह खो चुकी हैं। अखिलेश के मुताबिक, अगर संस्थाएं ही निष्पक्ष नहीं रहेंगी, तो लोकतांत्रिक ढांचा ढह जाएगा।
बीजेपी की नफरत वाली राजनीति ने हद पार की
बीजेपी पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बंगाल में जिस तरह की ‘नफरत भरी और नकारात्मक’ राजनीति की जा रही है, उसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। उन्होंने दावा किया कि मतदाताओं को डरा-धमका कर अपने पक्ष में करने की कोशिश की गई है। चुनाव आयोग की चुप्पी पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की और कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए इन चुनौतियों से लड़ना अब अनिवार्य हो गया है।