लखनऊ। अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनता को कई राहत देने वाले वादे किए गए हैं।
300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को पेंशन
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर हर परिवार को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। इसके अलावा महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का भी वादा किया गया।
2027 में बीजेपी को हराने का लक्ष्य
सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य 2027 में बीजेपी को करारी हार देना है और ऐसी स्थिति बनानी है कि वह सीटों के लिए तरस जाए।
स्मार्ट मीटर पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर के जरिए जनता से ज्यादा बिजली बिल वसूला जा रहा है और इसके पीछे भ्रष्टाचार है।
उन्होंने कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि बढ़ते बिजली बिल और मीटर रीडिंग के पीछे क्या कारण हैं। सपा प्रमुख ने दावा किया कि यह मुद्दा आने वाले चुनाव में बड़ा असर डालेगा।
सरकार पर अन्य मुद्दों को लेकर भी निशाना
अखिलेश यादव ने महंगाई, बिजली बिल, स्वास्थ्य सेवाओं और खाद की कमी जैसे मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जनता इन समस्याओं से परेशान है और बदलाव चाहती है।
‘सपा की सरकार बनेगी’
अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव में समाजवादी पार्टी सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी PDA (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के जरिए सभी वर्गों को साथ लाने की कोशिश कर रही है और उन्हें बराबरी का अवसर देने के लिए काम कर रही है।