महाराष्ट्र के नासिक में कथित धर्मांतरण से जुड़ा मामला अब और तूल पकड़ता जा रहा है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) से शुरू हुआ विवाद अब शिरडी तक पहुंच गया है, जहां एक और आरोप सामने आने से माहौल गरमा गया है।
शिरडी के डीमार्ट में नया विवाद
शिरडी के DMart स्टोर में काम करने वाले ‘अश्विन’ नाम के युवक ने अपने सहकर्मी सोहेल मनियार पर ‘ब्रेनवॉश’ कर धर्म परिवर्तन के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। मामला तब और चर्चा में आया जब युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कथित तौर पर नाम बदलकर ‘मुस्तफा’ कर लिया। हालांकि, इस दावे की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हिंदू संगठनों का विरोध
घटना सामने आते ही कुछ हिंदू संगठनों ने विरोध जताया और स्टोर पहुंचकर प्रबंधन से जवाब मांगा। बताया जा रहा है कि स्टोर में करीब 150 कर्मचारी काम करते हैं। देर रात तक संगठन के कार्यकर्ता मौके पर डटे रहे, जिससे तनाव की स्थिति बन गई।
मौके पर पहुंची पुलिस
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सभी पक्षों से पूछताछ के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
TCS केस में भी बड़ा अपडेट
इसी बीच, नासिक में TCS से जुड़े कथित धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न के मामले में भी बड़ा अपडेट सामने आया है। इस मामले में अब तक 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मामले की कथित मास्टरमाइंड बताई जा रही निदा खान को कोर्ट से झटका लगा है। सोमवार को अदालत ने उनकी अंतरिम जमानत याचिका खारिज कर दी और राहत देने से इनकार कर दिया। अगली सुनवाई के लिए 27 अप्रैल की तारीख तय की गई है।
बताया जा रहा है कि निदा खान ने खुद को गर्भवती बताते हुए राहत की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने इसे स्वीकार नहीं किया।
SIT को सौंपी गई जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जांच के लिए SIT गठित कर दी है। सरकार का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे मामले की गहराई से जांच होगी।